राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने सोने की संगठित तरीके से की जाने वाली तस्करी पर अपनी कार्रवाई निरंतर जारी रखते हुए हाल के दिनों में छः खुफिया अभियानों में लगभग 41 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया, जिसकी कुल कीमत लगभग 62 करोड़ रुपये है। इन अभियानों के चलते तीन विदेशी नागरिकों सहित 24 लोगों को गिरफ्तार किया गया और हवाई अड्डों, रेल मार्गों और भारत-बांग्लादेश सीमा के माध्यम से संचालित होने वाले गुप्त तरीकों और संगठित तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।
दिल्ली में एक बड़े अभियान में, डीआरआई अधिकारियों ने 07.09.2026 को विदेशी मूल के सोने की खरीद और उसके रूपांतरण में शामिल एक शख्स से जुड़े परिसरों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। एक आवासीय परिसर में सोने को पिघलाने, बेलने और डाई-कटिंग करने वाली मशीनों से लैस एक विनिर्माण संयंत्र मिला। 1 किलोग्राम वजन की चार विदेशी मूल की सोने की छड़ें और तस्करी की गई सोने की छड़ों से बनी लगभग 6.2 किलोग्राम सोने की चेन बरामद की गईं, जिससे कुल जब्त की गई सोने की मात्रा लगभग 10.2 किलोग्राम हो गई। विनिर्माण संयंत्र के मालिक को गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली में जब्त की गईं विदेशी मूल की चार सोने की छड़ें
08.09.2026 को एक अलग अभियान में, दिल्ली में डीआरआई अधिकारियों ने पंजाब से आ रहे एक वाहन को रोका और उसमें से 1.21 किलोग्राम सोना और लगभग 43.50 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा बरामद कर जब्त की; एक शख्स को गिरफ्तार किया गया।
इसके पहले, 05-06.09.2026 को, डीआरआई ने बीएसएफ की मदद से, भारत-बांग्लादेश सीमा के पास बीओपी हल्दरपारा में एक शख्स से लगभग 11.3 किलोग्राम वजन की विदेशी मूल की 89 सोने की छड़ें जब्त कीं। चूंकि वह शख्स वैध कब्जे के दस्तावेज पेश नहीं कर सका, इसलिए सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के अंतर्गत सोना जब्त किया गया। गिरफ्तार शख्स ने तस्करी में लिप्त होने की बात स्वीकार की और उसे सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया।
भारत-बांग्लादेश सीमा पर जब्त किया गया 11.3 किलोग्राम सोना
हावड़ा रेलवे स्टेशन पर जब्त की गई विदेशी मूल की चार विकृत सोने की छड़ें
पश्चिम बंगाल में 3-4 अप्रैल 2026 को हुई एक अलग कार्रवाई में, डीआरआई अधिकारियों ने हावड़ा रेलवे स्टेशन पर एक यात्री को रोका, जो किसी दूसरे नाम से यात्रा कर रहा था। उसके शरीर में छिपाई गई एक विशेष रूप से तैयार की गई कपड़े की बेल्ट से 4.6 किलोग्राम वजन की चार नकली विदेशी सोने की छड़ें बरामद की गईं। जांच में पता चला कि सोने को पिघलाकर नकली छड़ों में परिवर्तित किया गया था, जिससे उसे मुंबई भेजा जा सके। यात्री और उसके साथी दोनों को गिरफ्तार किया गया।
