भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) ने 'विशेष अभियान 6' के तहत अपने परिसरों में स्वच्छता, साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, अवसंरचना रखरखाव और पर्यावरणीय स्थायित्व से जुड़ी कई व्यापक पहलें की, जिनमें महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गयी हैं। इस अभियान की औपचारिक शुरुआत 2 अक्टूबर 2026 को निफ्ट दिल्ली परिसर में वस्त्र मंत्रालय के सचिव, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और निदेशकों की गरिमामयी उपस्थिति में हुई। वरिष्ठ नेतृत्व की भागीदारी ने इस अभियान के शुभारंभ को रेखांकित किया और स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा स्थायी संस्थागत प्रथाओं को बढ़ावा देने के प्रति मंत्रालय की प्रतिबद्धता को और मजबूत किया। 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चला यह अभियान, छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से एक अधिक स्वच्छ, हरित, सुरक्षित और स्थायी परिसर का वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से संचालित किया गया था।
व्यापक स्वच्छता और परिसर में बेहतर साफ-सफाई
अकादमिक ब्लॉकों, कार्यशालाओं, कैंटीन, हॉस्टल, गलियारों, छतों, भंडारण क्षेत्रों और अन्य साझा स्थानों पर बड़े पैमाने पर स्वच्छता अभियान चलाए गए। मकड़ी के जाले, जमी हुई धूल, कचरा और अनावश्यक सामान को हटाया गया। इसके साथ ही फर्नीचर, पंखों, कंप्यूटर उपकरणों, पानी की टंकियों और जल निकासी प्रणालियों की सफाई की गई, जिससे परिसर की स्वच्छता और साफ-सफाई के स्तर में सुधार हुआ।
प्रभावी कचरा प्रबंधन और डिजिटल रखरखाव
कचरे को अलग-अलग करने और उसके उचित निपटान पर विशेष जोर दिया गया। ई-कचरे और कबाड़ का निपटान निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार किया गया। डिजिटल रखरखाव को मजबूत करने, रिकॉर्ड प्रबंधन में सुधार लाने और उपलब्ध भंडारण स्थान का बेहतर उपयोग करने के लिए ई-फाइलों का निपटान किया गया और पुराने भौतिक रिकॉर्डों को छांटकर हटाया गया।
पर्यावरणीय स्थातित्व और हरित कार्यप्रणालियाँ
पर्यावरण से जुड़ी पहलों के तहत, निफ्ट ने परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए वृक्षारोपण, बागवानी, और पेड़ों की छंटाई जैसे कार्य किए। जैविक कचरे के उपयोगी इस्तेमाल को बढ़ावा देने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार आदतों को प्रोत्साहित करने के लिए, पत्तियों, फलों के कचरे और बचे हुए खाने से जैविक रूप से अपघटित होने वाले खाद बनाने का प्रदर्शन भी किया गया।
'कचरे से कला' – रचनात्मकता और पुन: उपयोग को बढ़ावा
निफ्ट की रचनात्मक और डिज़ाइन-उन्मुख सोच को प्रतिबिंबित करते हुए, संस्थान ने 'कचरे से कला' गतिविधि शुरू की। इसमें दिखाया गया कि कैसे बेकार पड़ी चीजों को उपयोगी और सजावटी वस्तुओं में बदला जा सकता है। इन रचनात्मक रूप से तैयार वस्तुओं का उपयोग परिसर के कुछ हिस्सों को सजाने के लिए भी किया गया, जिससे पुन: उपयोग, पुनर्चक्रण और कचरा कम करने के सिद्धांतों को बढ़ावा मिला।
अवसंरचना रखरखाव और परिसर का सौंदर्यीकरण
परिसर की अवसंरचना, सुरक्षा और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के लिए रखरखाव से जुड़े कई कार्य किए गए। इनमें बिजली के उपकरणों की जांच और सुधार, खराब स्विच, सॉकेट और लटकते तारों की मरम्मत, तथा लिफ्ट, हॉस्टल की इमारतों, दरवाजों,
फर्नीचर, फिक्स्चर और परिसर की बाड़ का रखरखाव शामिल था। शैक्षणिक, प्रशासनिक और आवासीय ब्लॉकों में दीमक-रोधी उपाय और कीट नियंत्रण का काम भी किया गया। इसके अलावा, परिसर के वातावरण को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित रखने के लिए हीटर, ब्लोअर, गीजर, एचवीएसी प्रणाली, एयर कंडीशनर, वायु रखरखाव इकाईयों (एएचयू) और वायु निस्पंदन इकाईयों की सफाई और रखरखाव किया गया।
छात्रों की भागीदारी और जागरूकता गतिविधियाँ
जागरूकता बढ़ाने और छात्रों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए, निफ्ट ने इस अभियान के दौरान कई प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें 'स्वच्छता और ई-कचरा प्रबंधन का महत्व' विषय पर नारे लिखने की प्रतियोगिता तथा स्वच्छता पर पेंटिंग और कविता प्रतियोगिताएं शामिल थीं। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए प्रमुख स्थानों पर पोस्टर, बैनर, प्लेकार्ड और स्टैंडी लगाए गए। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया, ताकि वे भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में हिस्सा लेते रहें।
देखभाल व रखरखाव तथा स्वच्छता से जुड़े कर्मियों का सम्मान
स्वच्छता और देखभाल व रखरखाव से जुड़े कर्मचारियों के बहुमूल्य योगदान को मान्यता देते हुए, निफ्ट ने 27 अक्टूबर 2026 को देखभाल व रखरखाव तथा स्वच्छता से जुड़े अपने कर्मियों को सम्मानित किया। यह सम्मान परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के उनके समर्पित प्रयासों के लिए दिया गया। इस पहल के माध्यम से, एक स्वच्छ और स्वस्थ संस्थागत वातावरण बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया गया, जिससे 'श्रम की गरिमा' के सिद्धांत को बल मिला।
'विशेष अभियान 6' के तहत अपने समर्पित प्रयासों के माध्यम से, निफ्ट ने स्वच्छता, पर्यावरणीय स्थायित्व और संसाधनों के जिम्मेदार प्रबंधन को बढ़ावा देने के वस्त्र मंत्रालय के विजन के लिए अपनी प्रतिबद्धता की फिर से पुष्टि की है। इस अभियान ने यह दिखाया है कि सामूहिक भागीदारी, अभिनव तौर-तरीकों और निरंतर प्रयासों से संस्थागत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में सार्थक सुधार लाए जा सकते हैं। ये पहलें स्वच्छता, रचनात्मकता और स्थायित्व की संस्कृति को और बढ़ावा देंगी, जिससे एक स्वच्छ, हरित और अधिक स्थायी भारत के विजन को साकार करने में योगदान मिलेगा।
पीके/केसी/आरटी/जेके/एसएस
