महाराष्ट्र के रहने वाले 42 वर्षीय श्री रमेश बाबू पाटिल (बदला हुआ नाम) के लिए नमस्ते (एनएएमएएसटीई) योजना के अंतर्गत प्रदान की गई व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट सुरक्षित और अधिक गरिमापूर्ण कार्य परिस्थितियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।
उनकी यह यात्रा स्वच्छताकर्मियों को सुरक्षा उपकरण और व्यावसायिक सुरक्षा संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के महत्व को दर्शाती है। इसके साथ ही यह सार्वजनिक स्वास्थ्य में उनके योगदान को मान्यता देने और सुरक्षित एवं समावेशी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता को भी रेखांकित करती है।
श्री पाटिल कई वर्षों से स्वच्छताकर्मी के रूप में कार्य कर रहे हैं। इस दौरान उन्हें कचरे, धूल, हानिकारक पदार्थों और अस्वच्छ परिस्थितियों के बीच अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना पड़ा। पर्याप्त व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें अक्सर बीमारियों और शारीरिक असुविधाओं का सामना करना पड़ता था।
अपने परिवार में मुख्य कमाने वाले सदस्य होने के कारण उनके स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां काम जारी रखने और परिवार का भरण-पोषण करने की उनकी क्षमता को भी प्रभावित करती थीं। इन कठिनाइयों के बावजूद उनकी आकांक्षा एक सुरक्षित, स्वस्थ और गरिमापूर्ण कार्य वातावरण में काम करने की थी।
उन्हें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता इको-सिस्टम (नमस्ते) योजना के माध्यम से महत्वपूर्ण सहायता मिली। वर्ष 2025-26 के दौरान उन्हें दस्ताने, मास्क, सुरक्षा जूते, वर्दी और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों से युक्त पीपीई किट उपलब्ध कराई गई। इस सहायता से वे बेहतर सुरक्षा और स्वच्छ कार्य परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निर्वहन करने में सक्षम हुए।
श्री पाटिल सुरक्षा उपकरण उपलब्ध होने से अधिक आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना के साथ अपना काम करने लगे। उनके समग्र स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ और वे कम बीमार पड़ने लगे। इस सहायता से उनके कार्य से जुड़े कुछ व्यावसायिक जोखिमों को कम करने में भी मदद मिली।
आज श्री पाटिल अधिक आत्मविश्वास, सुरक्षा और सम्मान के साथ स्वच्छता संबंधी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उनकी आय में हालांकि किसी प्रत्यक्ष बदलाव की सूचना नहीं मिली है लेकिन स्वास्थ्य और कार्यस्थल पर सुरक्षा में सुधार से उनके समग्र कल्याण तथा काम जारी रखने की क्षमता पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
पीके/केसी/आरटी/पीसी/एसके
