पर्यटन मंत्रालय ने लंबित मामलों के निपटान और स्वच्छता के लिए चलाए गए विशेष अभियान 6.0 को सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया है। यह अभियान भारत सरकार की उस पहल का हिस्सा था, जिसका उद्देश्य स्वच्छता को बढ़ावा देना, प्रशासनिक दक्षता में सुधार करना और लंबित मामलों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करना है।
इस अभियान में मंत्रालय और उसके अधीनस्थ कार्यालयों एवं संगठनों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इनमें भारतीय पर्यटन के घरेलू कार्यालय, होटल प्रबंधन एवं खानपान प्रौद्योगिकी राष्ट्रीय परिषद (NCHMCT), केंद्रीय होटल प्रबंधन संस्थान (CIHMs), भारतीय पाक कला संस्थान (ICIs) तथा अन्य संबद्ध संस्थान शामिल रहे।
विशेष अभियान 6.0 के तहत पर्यटन मंत्रालय ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं और निर्धारित लक्ष्यों को पार कर लिया। अभियान के अंतर्गत कुल 5,654 लक्ष्य निर्धारित किए गए थे, जबकि इसके मुकाबले 7,125 उपलब्धियां दर्ज की गईं।
इस अभियान के परिणामस्वरूप कार्यालयों में 63,461 वर्ग फुट स्थान खाली कराया गया तथा कबाड़ के निपटान से 68,05,834 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अभिलेख प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से 3,006 भौतिक फाइलों को हटाया गया तथा 3,645 इलेक्ट्रॉनिक फाइलों को बंद किया गया।
स्वच्छता गतिविधियां इस अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहीं। इसके तहत देशभर में 302 स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं अथवा स्वच्छता स्थलों की पहचान की गई।
केंद्रीय होटल प्रबंधन संस्थानों (CIHMs) के विद्यार्थियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों ने संस्थानों के परिसरों, सरकारी कार्यालयों और पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता एवं रखरखाव संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की।
सार्वजनिक स्थलों को बेहतर बनाने और उनका पुनरुद्धार करने के लिए पौधरोपण अभियान भी आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ एवं टिकाऊ वातावरण बनाए रखने में आम लोगों की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया।
अभियान के दौरान अभिलेखों के प्रभावी प्रबंधन, अनुपयोगी एवं अप्रचलित सामग्रियों के निपटान तथा कार्यालयों में उपलब्ध स्थान के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छ कार्यस्थल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ई-कचरे (E-Waste) की भी पहचान की गई, उसे अलग-अलग श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया तथा उसका उचित निपटान किया गया।
विशेष अभियान 6.0 के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया गया। इन माध्यमों पर मंत्रालय और उसके संबद्ध संगठनों द्वारा संचालित गतिविधियों तथा हासिल की गई उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
विशेष अभियान 6.0 का सफल समापन पर्यटन मंत्रालय के स्वच्छता को बढ़ावा देने, प्रशासनिक दक्षता में सुधार करने तथा देशभर में सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/ओपी
