पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय पाक कला संस्थान ने आज नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की कुलपति शांतिश्री धुलिपुड़ी पंडित और भारतीय पाक कला संस्थान के निदेशक ज्ञान भूषण ने अपने-अपने संस्थानों की ओर से हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार उपस्थित थे। पर्यटन मंत्रालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और भारतीय पाक कला संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
समझौते के अंतर्गत जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, भारतीय पाक कला संस्थान के बीबीए (पाक कला और खाद्य व्यवसाय) तथा एमबीए (पाक कला प्रबंधन) पाठ्यक्रमों को मान्यता देगा। इससे इन पाठ्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की डिग्री मिल सकेगी।
भारतीय पाक कला संस्थान के इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य होटल, आतिथ्य और उनसे जुड़े उद्योगों की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए कुशल शेफ और आतिथ्य क्षेत्र के पेशेवर तैयार करना है। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को आवश्यक कौशल, ज्ञान और व्यावसायिक दक्षता प्रदान की जाती है। साथ ही, ऐसे पाक कला विशेषज्ञ तैयार करने पर भी बल दिया जाता है, जो होटलों और रेस्तरां की विशिष्ट पहचान और सेवाओं को बेहतर बनाने में योगदान दे सकें।
अगले शैक्षणिक सत्र से लागू होने वाली इस मान्यता से विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक और व्यावसायिक अवसर बढ़ने की उम्मीद है। इससे उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी और भारत तथा विदेशों में रोजगार और नियुक्ति की संभावनाएं बेहतर होंगी। साथ ही यह सहयोग भारत के आतिथ्य क्षेत्र में कुशल पेशेवरों की बढ़ती मांग को पूरा करने में भी योगदान देगा।
पीके/केसी/आरटी/एसके
