कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय ने मौजूदा 'विशेष अभियान 6.0' के तहत संचालन दक्षता, स्वच्छता और रिकॉर्ड प्रबंधन के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। संस्थागत उत्कृष्टता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता दिखाते हुए, मंत्रालय ने कई प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों में बेहतरीन परिणाम दर्ज किए हैं।
देशव्यापी स्वच्छता अभियान के हिस्से के रूप में, योजनाबद्ध सभी 75 स्वच्छता अभियानों को समय से काफी पहले सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इस वर्ष, मंत्रालय ने अतिरिक्त अभियान शुरू करके अपने शुरुआती लक्ष्यों से भी बेहतर प्रदर्शन किया है। इस सक्रिय दृष्टिकोण के परिणामस्वरूप कार्यालय की 15,740 वर्ग फुट जगह खाली हुई है और उम्मीद है कि जैसे-जैसे सफाई अभियान आगे बढ़ेगा तो और भी जगह खाली होगी।
इसके अलावा, ई-वेस्ट प्रबंधन और रीसाइक्लिंग पहलों के माध्यम से इस अभियान से 10,50,520 रुपये का महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त हुआ, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल उपकरणों को सफलतापूर्वक प्रोसेस किया गया।
रिकॉर्ड प्रबंधन और जन-शिकायत निवारण के क्षेत्र में, मंत्रालय ने तेजी से प्रगति की है। छंटनी (वीडिंग आउट) के लिए चिह्नित 2,523 भौतिक फाइलों में से 850 फाइलों को हटा दिया गया है, और 9,309 लक्षित फाइलों में से 8,823 भौतिक फाइलों की समीक्षा की गई है। साथ ही, प्रशासन ने जन-शिकायतों का सफलतापूर्वक समाधान किया है; सीपीग्राम (सीपीजीआरएएम) की 330 लंबित शिकायतों में से 316 का निपटारा किया गया है और जन-शिकायत संबंधी 435 लंबित अपीलों में से 217 अपीलों का निस्तारण किया गया है।
प्रशासनिक कार्रवाई समय पर हो, यह सुनिश्चित करने के लिए संसद और प्रधानमंत्री कार्यालय से प्राप्त संदर्भों की भी व्यवस्थित रूप से निगरानी की जा रही है।
ये उपलब्धियां दर्शाती हैं कि मंत्रालय एक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए मंत्रालय ई-वेस्ट की टिकाऊ रीसाइक्लिंग को प्रोत्साहित कर रहा है, कार्यालय की मूल्यवान जगह खाली करा रहा है और प्रशासनिक तत्परता को तेज कर रहा है।
पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/एसके
