युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MYBharat) की अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार, ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ अभियान के सातवें सप्ताह के दौरान 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित 447 कार्यक्रमों और 1,002 गतिविधियों में 93,000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 31 अक्टूबर 2026 को संपन्न हुई इन गतिविधियों का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के बारे में जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को नशे के खिलाफ लामबंद करना था।
इस अभियान के अंतर्गत दिल्ली, बिहार, हिमाचल प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, छत्तीसगढ़, ओडिशा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित कई क्षेत्रों को शामिल किया गया। गतिविधियों में मिनी मैराथन, शपथ ग्रहण समारोह, प्रतीकात्मक युवा संसद और नारा लेखन अभ्यास शामिल थे। कार्यक्रमों में दो राज्य मंत्रियों और तीन विधायकों सहित पांच जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अभियान के तहत MY भारत ने फिट इंडिया, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर 267 मिनी मैराथन कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें 401 गतिविधियां शामिल थीं और 70,566 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सहयोगी संगठनों में ब्रह्माकुमारीज, हार्टफुलनेस, सीआईपीयू, एसोचैम और फिक्की शामिल थे। दिल्ली में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री रविंदर इंद्राज सिंह ने MY भारत दक्षिण दिल्ली और नई दिल्ली द्वारा आयोजित मिनी मैराथन के दौरान युवाओं का उत्साहवर्धन किया। बिहार के गोपालगंज में जिलाधिकारी की उपस्थिति में प्रतिभागियों ने शपथ ली और दौड़ में हिस्सा लिया।
जमीनी स्तर पर पड़ोस युवा संसदों (एनवाईपी) ने 31 अक्टूबर 2026 को ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा पर परिचर्चा’ का आयोजन किया। कुल 180 कार्यक्रमों के अंतर्गत 601 गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 22,488 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इन चर्चाओं ने युवाओं को नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से उत्पन्न चुनौतियों को समझने और उनसे निपटने के संभावित उपायों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान किया।
प्रत्येक पड़ोस युवा संसद में चार सत्र आयोजित किए गए। इनमें MY भारत पोर्टल, नशीले पदार्थों का दुरुपयोग और भारत के युवाओं के सामने मौजूद चुनौतियां, जागरूकता से कार्रवाई की ओर बढ़ने के उपाय तथा नशा मुक्त भारत की दिशा में बदलाव की प्रेरक कहानियां शामिल थीं। सप्ताह भर की गतिविधियों के दौरान कुल 93,054 शपथ ली गईं।
पीके/केसी/आरटी/एके
