भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड द्वारा डॉयचे बैंक एजी के कुछ कारोबार के अधिग्रहण और अन्य संबंधित लेन-देन को मंजूरी दे दी है।
प्रस्तावित संयोजन के तहत, कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड (अधिग्रहणकर्ता) द्वारा डॉयचे बैंक एजी (विक्रेता) से भारत में अपनी शाखाओं के माध्यम से संचालित उसके रिटेल बैंकिंग/प्राइवेट बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार (लक्षित कारोबार) का चालू व्यवसाय के रूप में एकमुश्त बिक्री के आधार पर अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है। अधिग्रहणकर्ता और विक्रेता को सामूहिक रूप से ‘पक्षकार’ कहा गया है।
इसके अतिरिक्त, पक्षकार अपने सहयोगी संस्थानों के माध्यम से निवेश सलाहकार कारोबार और पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवा कारोबार के ग्राहकों को डॉयचे इन्वेस्टमेंट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (विक्रेता की अप्रत्यक्ष पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी) से अधिग्रहणकर्ता की संबंधित पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनियों को भेजने के लिए रेफरल व्यवस्था करने पर विचार कर रहे हैं।
अधिग्रहणकर्ता भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा बैंकिंग कारोबार करने के लिए लाइसेंस प्राप्त एक अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक है। इसकी इक्विटी शेयर पूंजी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया में सूचीबद्ध है। अधिग्रहणकर्ता भारत में रिटेल बैंकिंग, वेल्थ मैनेजमेंट और संस्थागत बैंकिंग के क्षेत्र में कार्यरत है। इसके अंतर्गत (क) जमा खाते, (ख) ऋण, (ग) तृतीय-पक्ष निवेश और बीमा उत्पादों का वितरण/रेफरल, (घ) पोर्टफोलियो प्रबंधन और निवेश सलाहकार सेवाएं तथा अन्य संबद्ध/सहायक सेवाएं प्रदान करना शामिल है।
लक्षित कारोबार में भारत में डॉयचे बैंक का रिटेल बैंकिंग/प्राइवेट बैंकिंग और वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार शामिल है। रिटेल बैंकिंग/प्राइवेट बैंकिंग क्षेत्र में यह जमा, ऋण, निवेश, बीमा और विदेशी मुद्रा से संबंधित विभिन्न प्रकार के उत्पाद उपलब्ध कराता है। वेल्थ मैनेजमेंट कारोबार उच्च निवल संपत्ति वाले व्यक्तियों को सेवाएं प्रदान करने पर केंद्रित है।
पीके/केसी/आरटी/एके
