संघ लोक सेवा आयोग द्वारा 21 अगस्त 2026 से 30 अगस्त 2026 तक आयोजित सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2026 के परिणामों के आधार पर, नीचे दिए गए उम्मीदवारों ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और अन्य केंद्रीय सेवाओं (समूह 'क' और समूह 'ख') में चयन हेतु व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के लिए सफलता प्राप्त की है।
2. इन उम्मीदवारों की उम्मीदवारी सभी दृष्टियों से पात्र पाए जाने की शर्त पर अनंतिम है। उम्मीदवारों को व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के समय अपनी पात्रता एवं आरक्षण संबंधी दावों, जैसे आयु, शैक्षणिक योग्यता, समुदाय, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) आदि के समर्थन में मूल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने होंगे। इसके अतिरिक्त, टीए फॉर्म आदि जैसे अन्य आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे। अतः उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे उक्त सभी दस्तावेज अपने पास तैयार रखें। अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी), भूतपूर्व सैनिक आदि के लिए उपलब्ध आरक्षण/छूट का लाभ लेने के इच्छुक उम्मीदवारों को संबंधित मूल प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करने होंगे। ये प्रमाण-पत्र सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2026 के आवेदन की अंतिम तिथि अर्थात 27.02.2026 तक या उससे पहले जारी किए गए होने चाहिए।
3. इन उम्मीदवारों के व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) की तिथियों की सूचना उचित समय पर दी जाएगी। ये साक्षात्कार संघ लोक सेवा आयोग के कार्यालय, धौलपुर हाउस, शाहजहाँ रोड, नई दिल्ली-110069 में आयोजित किए जाएंगे। व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) का कार्यक्रम तदनुसार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए अर्हता प्राप्त उम्मीदवारों के व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के ई-समन पत्र उचित समय पर आयोग की वेबसाइट https://www.upsc.gov.in एवं https://upsconline.nic.in पर जारी किए जाएंगे, जिन्हें उम्मीदवार डाउनलोड कर सकेंगे। जो उम्मीदवार अपने ई-समन पत्र डाउनलोड करने में असमर्थ हों, वे तत्काल पत्र के माध्यम से अथवा फोन नंबर 011-40303444 / 24041001 पर संपर्क करके या ई-मेल (csm-upsc[at]nic[dot]in) के माध्यम से आयोग के कार्यालय से संपर्क करें। आयोग द्वारा व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के लिए कोई भी कागजी/हार्ड कॉपी जारी नहीं किया जाएगा।
4. उम्मीदवारों को सूचित की गई व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) की तिथि और समय में परिवर्तन के किसी भी अनुरोध पर सामान्यतः विचार नहीं किया जाएगा।
5.1(क) वे सभी उम्मीदवार, जिन्होंने सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा के समय अपनी शैक्षणिक योग्यता की स्थिति ‘परीक्षा में शामिल हो रहे’ के रूप में बताई थी और व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के लिए अर्हता प्राप्त कर ली है, उनके लिए यह अनिवार्य है कि वे निर्धारित कॉलम/कॉलमों में आवश्यक विवरण भरें/अपडेट करें। इसमें शैक्षणिक योग्यता की स्थिति (अध्ययनरत/परीक्षा में सम्मिलित) का विवरण, निर्धारित अर्हक परीक्षा उत्तीर्ण करने के प्रमाण सहित, दर्ज करना तथा अपने दावे के समर्थन में संबंधित दस्तावेज अपलोड करना शामिल है। ऐसा न करने पर उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी और इस संबंध में आयोग द्वारा किसी भी पत्राचार पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ऐसे उम्मीदवारों को ई-समन पत्र भी जारी नहीं किया जाएगा।
5.1(ख) उपर्युक्त पैरा 5.1(क) के अतिरिक्त, उम्मीदवारों को (जहां भी लागू हो) पत्राचार/स्थायी डाक पता, उच्च शैक्षणिक योग्यता, विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां (यदि कोई हों), रोजगार संबंधी विवरण/सेवा अनुभव, पूर्ववर्ती सिविल सेवा परीक्षाओं के आधार पर आवंटित सेवा का विवरण (यदि कोई हो), वैवाहिक स्थिति, पूर्व में पीडब्ल्यूबीडी (दिव्यांग व्यक्ति) संबंधी अनुशंसा का विवरण, माता-पिता का विवरण, परीक्षा से प्रतिबंधित किए जाने संबंधी जानकारी, पूर्व परीक्षाओं का विवरण, परीक्षा के प्रयासों की जानकारी, ओबीसी/ईडब्ल्यूएस अनुलग्नक (जहां भी लागू हो), सामाजिक-आर्थिक प्रश्नावली, सेवा वरीयता, होम कैडर, प्रतिभा सेतु पोर्टल पर विवरण का प्रकटीकरण आदि से संबंधित, जो भी जानकारी लागू हो अथवा मांगी गई हो, उसे अपडेट करना होगा तथा अपना आवेदन पत्र जमा करना होगा।
5.1(ग) जिन उम्मीदवारों ने पहले ही आवश्यक दस्तावेज/जानकारी अपलोड कर दी है और जिन्हें कोई नई जानकारी भरनी/अपडेट नहीं करनी है, उन्हें भी अपने लॉगिन में जाकर सभी विवरणों का सत्यापन करने के बाद आवेदन पत्र अंतिम रूप से जमा करना अनिवार्य है। ऐसा न करने पर ऐसे उम्मीदवारों को ई-समन पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
5.1(घ) उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आगे की जानकारी एवं नवीनतम अपडेट के लिए आयोग की वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें।
5.2 आवेदन पत्र में अपेक्षित कॉलम/जानकारी (जैसा कि पैरा 5.1 में उल्लिखित है) सफलतापूर्वक जमा करने पर एक विशिष्ट संदर्भ संख्या जनरेट की जाएगी। इसकी सूचना उम्मीदवारों को उनकी पंजीकृत ई-मेल आईडी/मोबाइल नंबर पर ई-मेल/एसएमएस के माध्यम से पावती के रूप में भेजी जाएगी।
5.3 अतः, परीक्षा के नियमों के उपर्युक्त प्रावधानों के अनुसार, इन सभी उम्मीदवारों के लिए आवश्यक विवरण केवल ऑनलाइन माध्यम से भरना/अपडेट करना और जमा करना अनिवार्य है। यह सुविधा संघ लोक सेवा आयोग की वेबसाइट https://upsconline.nic.in पर 11 नवंबर, 2026 से 25 नवंबर, 2026 को शाम 6:00 बजे तक उपलब्ध रहेगी। निर्धारित अवधि में ऐसा न करने पर आयोग द्वारा इस संबंध में किसी भी पत्राचार पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ऐसे उम्मीदवारों को ई-समन पत्र भी जारी नहीं किया जाएगा।
6. आवेदन पत्र में दी गई जानकारी में किसी भी प्रकार के परिवर्तन/संशोधन के अनुरोध पर आयोग द्वारा विचार नहीं किया जाएगा। हालांकि, जहां आवश्यक हो, उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपने पते/संपर्क विवरण में हुए किसी भी परिवर्तन की सूचना इस प्रेस विज्ञप्ति के प्रकाशन की तिथि से 7 दिनों के भीतर पत्र/ई-मेल (csm-upsc[at]nic[dot]in) के माध्यम से तत्काल आयोग को दें।
7. सभी अर्हता प्राप्त उम्मीदवारों के लिए सत्यापन प्रपत्र (अटेस्टेशन फॉर्म) ऑनलाइन भरना और जमा करना अनिवार्य है। यह प्रपत्र कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) की वेबसाइट पर व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) प्रारंभ होने की तिथि से लेकर इसके समापन तक उपलब्ध रहेगा। उम्मीदवार इसे https://cseplus.dopt.gov.in/Account/Login लिंक के माध्यम से भरकर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। अतः व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) के लिए अर्हता प्राप्त सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर इसे ऑनलाइन भरकर जमा कर दें। सत्यापन प्रपत्र से संबंधित किसी भी प्रश्न/स्पष्टीकरण के लिए उम्मीदवार कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग से ई-मेल आईडी doais1[at]nic[dot]in, usais-dopt[at]nic[dot]in अथवा दूरभाष नंबर 011-24010454 / 24010413 पर संपर्क कर सकते हैं।
8. व्यक्तित्व परीक्षण (साक्षात्कार) आयोजित होने के बाद अंतिम परिणाम घोषित किए जाने की तिथि से 15 दिनों के भीतर सभी उम्मीदवारों की अंक-तालिकाएं आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएंगी। ये अंक-तालिकाएं वेबसाइट पर 30 दिनों की अवधि तक उपलब्ध रहेंगी।
परिणाम देखने के लिए यहां क्लिक करें:
पीके/केसी/आरटी/डीवी/डीए
