कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) ने स्वच्छता पर राष्ट्रव्यापी विशेष अभियान 6.0 सफलतापूर्वक सम्पन्न किया। इस दौरान कार्यालयों के बेहतर उपयोग, स्वच्छता, रिकॉर्ड प्रबंधन और जन शिकायतों के निवारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गईं।
स्वच्छ और सुव्यवस्थित कार्यस्थल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करते हुए, मंत्रालय ने स्वच्छता के 75 अभियान चलाने का लक्ष्य पूरी तरह हासिल किया। इन अभियानों के माध्यम से 23,285 वर्ग फुट कार्यालय स्थान खाली कराया गया और ई-कचरे के पुनर्चक्रण से प्राप्त राशि सहित कुल 11,41,975 रुपये का राजस्व अर्जित किया गया। ई-कचरा प्रबंधन के तहत सूचना प्रौद्योगिकी, दूरसंचार, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और विद्युत उपकरणों से 5,22,000 रुपये का राजस्व अर्जित किया गया।
रिकॉर्ड प्रबंधन के तहत, मंत्रालय ने समीक्षा के लिए निर्धारित 9,309 मदों में से 3,658 भौतिक फाइलों की समीक्षा की तथा उन्हें सफलतापूर्वक हटाने और बंद करने की प्रक्रिया पूरी की। इसके अलावा, जन शिकायतों के निवारण में मंत्रालय ने 330 में से 322 जन शिकायतों और 435 में से 342 जन शिकायत अपीलों का निपटारा किया। मंत्रालय ने सांसदों, प्रधानमंत्री कार्यालय और राज्य सरकारों से प्राप्त संदर्भों का भी सफलतापूर्वक निपटारा करते हुए उन पर त्वरित कार्रवाई की।
विशेष अभियान 6.0 का सफल समापन प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और नागरिक-केंद्रित सुशासन की दिशा में कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
पीके/केसी/आरटी/जीके
