33 वर्षीय राहुल कुमार (परिवर्तित नाम) के लिए राष्ट्रीय अनुसूचित जाति छात्र फैलोशिप योजना -एनएफएससी, शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल करने और शोध कार्य में मदद का एक महत्वपूर्ण साधन रही है।
उनका अनुभव दर्शाता है कि लक्षित फैलोशिप सहायता किस प्रकार आर्थिक बाधाओं में कमी लाने, उच्च शिक्षा तक समावेशी पहुंच बढ़ाने तथा शोध और ज्ञान सृजन द्वारा विद्वानों को राष्ट्र के विकास में योगदान देने में सक्षम बनाती है।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के निवासी राहुल कुमार पीएचडी कर रहे हैं। उनका लक्ष्य उत्कृष्ट शोधकर्ता बनना और राष्ट्र की समग्र प्रगति में योगदान देना है।
गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवार से आने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों और संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ा। विषम परिस्थितियों के कारण उनके लिए उच्चस्तरीय शोध कार्य जारी रखना कठिन हो गया। उनकी शैक्षणिक यात्रा भ्रामक जानकारी और संस्थागत कार्यप्रणालियों से उत्पन्न चुनौतियों से भी प्रभावित हुई। इनमें विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के निर्धारित ढांचे से बाहर के नियम लागू किया जाना भी शामिल था।
जुलाई 2023 में उनके जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव आया, जब उन्हें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की राष्ट्रीय अनुसूचित जाति छात्र फैलोशिप (एनएफएससी) योजना के तहत सहायता मिलनी शुरू हुई। इस अध्येतावृत्ति में उन्हें फैलोशिप सहायता और मकान किराया भत्ता सहित कुल 45,700 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इस सहयोग से उन्हें वित्तीय स्थिरता मिली और शोध कार्य में आ रही बाधाएं दूर हुईं।
राहुल कुमार के अनुसार, यह सहायता उनकी अपेक्षाओं से कहीं अधिक रही। इससे उन्हें अपने शोध कार्य और पीएचडी की पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने में मदद मिली। वित्तीय सहायता से संसाधनों की कमी से जुड़ी कठिनाइयां कम हुईं और उन्हें पूरी लगन से अपने शैक्षणिक कार्य आगे बढ़ाने के अधिक अवसर मिले। अध्येतावृत्ति ने वैसी कई कठिनाइयां दूर करने में मदद की, जो पहले गुणवत्तापूर्ण शोध कार्य में बाधा बन रही थीं।
इस फैलोशिप का उनके शोध और व्यक्तिगत जीवन में महत्वपूर्ण योगदान रहा। आर्थिक बाधाएं कम होने से श्री कुमार अपनी पीएचडी की पढ़ाई जारी रखने और शैक्षणिक प्रयासों को और मजबूत बनाने में सक्षम हुए हैं। उनकी यात्रा दर्शाती है कि समय पर मिलने वाली शैक्षणिक सहायता किस प्रकार आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा जारी रखने और लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में आगे बढ़ने में मदद कर सकती है।
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके
