केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह, मंगलवार (20 अक्टूबर) को पंजाब में चिट्टा कारोबारियों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण अपनी जान खोने वाले लोगों के परिवारों से मानसा, संगरूर व गुरदासपुर में मिलेंगे।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने X प्लेटफॉर्म पर साझा एक पोस्ट में कहा कि पंजाब सरकार ने राज्य को नशे के गर्त में धकेलने में कोई कसर नहीं छोड़ी, जिसकी वजह से कई परिवारों ने अपने बच्चे खो दिए हैं। उन्होंने कहा कि इन परिवारों के नुकसान का दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उनके अनुसार, नशे के इस काले धंधे के खिलाफ उठ रही आवाजों को दबाने की कोशिशें कभी कामयाब नहीं होंगी और प्रदेश की जनता इसका करारा जवाब देगी। श्री शाह ने कहा कि भारत सरकार चिट्टा कारोबारियों को एक-एक कर जेल भेजेगी और पंजाब समेत पूरे देश को नशे के इस कारोबार से मुक्त करके ही दम लेगी।
आप-दा सरकार ने पंजाब को नशे के गर्त में धकेलने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है, जिसके कारण अनेक परिवारों को अपने बच्चों को खोना पड़ा है। AAP सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहे चिट्टा कारोबारियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले जिन लोगों को हाल ही में अपना जीवन गँवाना पड़ा, मंगलवार (20 अक्टूबर) को उनके परिजनों से मानसा, संगरूर व गुरदासपुर में मिलूँगा। इन परिवारों ने जो खोया है, उस दुःख को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। नशे के इस काले कारोबार के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी और प्रदेशवासी इसका मुँहतोड़ जवाब देंगे। भारत सरकार चिट्टा कारोबारियों को चुन-चुनकर जेल की सलाखों के पीछे भेजेगी और पंजाब सहित पूरे देश को नशे के इस कारोबार से मुक्त बनाकर रहेगी।
आरके / आरआर / पीआर / पीएस
