हैदराबाद मुक्ति दिवस के अवसर पर आज सिकंदराबाद परेड ग्राउंड में आयोजित एक भव्य समारोह में, उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन ने हैदराबाद की तत्कालीन रियासत के भारत में विलय के ऐतिहासिक अध्याय को स्मरण किया और राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए लड़ने वाले सभी नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि हैदराबाद की कहानी कई मायनों में भारत के निर्माण की कहानी है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर, 1948 को हैदराबाद की तत्कालीन रियासत का एकीकृत भारत में विलय राष्ट्र-निर्माण की यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय था। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र-निर्माण की उस यात्रा का हिस्सा था, जिसने आधुनिक भारत की नींव को मजबूत किया। उन्होंने रियासतों के एकीकरण में सरदार वल्लभभाई पटेल की निर्णायक भूमिका को भी याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के दृढ़ संकल्प, सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और हैदराबाद के लोगों की भारत में विलय की अटूट इच्छा तथा उनके संघर्ष ने इस क्षेत्र को राष्ट्रीय एकता के दायरे में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने इस संघर्ष में जोधपुर लांसर्स के वीर सैनिकों के योगदान को भी रेखांकित किया।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री बंदी संजय कुमार ने कहा कि हैदराबाद की जनता ने निज़ाम के शासन और रजाकारों द्वारा किए गए अत्याचारों का सामना किया था। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने दृढ़ संकल्प के साथ उन्हें इस अत्याचारपूर्ण शासन से मुक्ति दिलाई और हैदराबाद को भारत का अभिन्न अंग बनाया।
समारोह के दौरान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 10 टुकड़ियों ने मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। "हैदराबाद विमोचनम" विषय पर एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से हैदराबाद के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संदर्भ को प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर, सालार जंग संग्रहालय में आयोजित हैदराबाद मुक्ति दिवस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विजेताओं को उपराष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया।
उपराष्ट्रपति ने कार्यक्रम स्थल पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा आयोजित एक विशेष प्रदर्शनी को भी देखा। इस प्रदर्शनी में हैदराबाद मुक्ति दिवस से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों और राष्ट्रीय एकता की यात्रा को प्रदर्शित किया गया था।
