भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने आज ‘डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग’ (डीसीआर) प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया। यह एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे ग्राहकों को विभिन्न संपत्तियों की डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग की जानकारी उपलब्ध कराने और संपत्तियों की डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग की पूरी प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इस प्लेटफॉर्म में डिजिटल कनेक्टिविटी का परीक्षण करने के लिए एक मोबाइल ऐप भी शामिल है।
डीसीआर प्लेटफॉर्म ‘भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए संपत्तियों की रेटिंग) विनियम, 2024’ के तहत निर्धारित ढांचे को लागू करने में मदद करता है। इन विनियमों में 13 मई 2026 को अधिसूचित ‘डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए संपत्तियों की रेटिंग (संशोधन) विनियम, 2026’ के माध्यम से संशोधन किया गया था। यह प्लेटफॉर्म ट्राई द्वारा 9 जून 2026 को जारी ‘रेटिंग मैनुअल-2026’ में निर्धारित रेटिंग प्रक्रिया को लागू करने में भी सहायता करता है।
यह प्लेटफॉर्म ग्राहकों को डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए रेटिंग प्राप्त संपत्तियों को देखने के उद्देश्य से सार्वजनिक इंटरफेस उपलब्ध कराता है। यह संपत्ति प्रबंधकों (पीएम), पंजीकृत डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसियों (डीसीआरए) और ग्राहकों को एक ही डिजिटल मंच पर जोड़ता है। संपत्ति प्रबंधक अपनी संपत्तियों को सार्वजनिक, सरकारी, वाणिज्यिक, निजी आदि श्रेणियों में पंजीकृत कर सकते हैं। वे रेटिंग के लिए आवेदन जमा करने, आवश्यक जानकारी और दस्तावेज अपलोड करने, पंजीकृत डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसी का चयन करने तथा मंच के माध्यम से अपने आवेदन की स्थिति पर नजर रखने में सक्षम होंगे। यह मंच निर्मित और निर्माणाधीन, दोनों प्रकार की संपत्तियों के लिए निर्धारित मूल्यांकन प्रक्रिया को समर्थन देता है। पंजीकृत डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसियां उन्हें सौंपे गए आवेदनों को देख सकती हैं, मूल्यांकन कर सकती हैं, निरीक्षण और परीक्षण के परिणाम दर्ज कर सकती हैं, आवश्यक दस्तावेजों का प्रबंधन कर सकती हैं तथा निर्धारित ढांचे के अनुसार रेटिंग प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं। प्लेटफॉर्म मूल्यांकन, रिपोर्ट तैयार करने, प्रमाणन और रेटिंग प्रकाशित करने से संबंधित डिजिटल प्रक्रियाओं को भी सक्षम बनाता है। ग्राहक व अन्य हितधारक रेटिंग प्राप्त संपत्तियों को खोज सकेंगे, प्रकाशित रेटिंग देख सकेंगे, संबंधित प्रमाणपत्रों का सत्यापन कर सकेंगे और अपनी पसंद की संपत्तियों की तुलना कर सकेंगे।
