आयुष ग्रिड द्वारा तैयार किए गए डिजिटल आधार को आगे बढ़ाते हुए, आयुष मंत्रालय अब आयुर्वेद और व्यापक आयुष क्षेत्र के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को अगली प्रमुख तकनीक के रूप में बढ़ावा दे रहा है। मंत्रालय स्वास्थ्य सेवा, अनुसंधान, शिक्षा, सूचना सेवाओं और निवेश सुविधा के क्षेत्रों में एआई के इस्तेमाल की संभावनाओं पर काम कर रहा है। इसके अंतर्गत विशेष एआई अनुप्रयोगों और राष्ट्रीय एआई पहलों के साथ व्यापक सहयोग से एक उभरता हुआ इकोसिस्टम तैयार हो रहा है।
लोगों के लिए एमएआईएसपी चैटबॉट बातचीत के माध्यम से आयुर्वेद सहित आयुष से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है। एआरपी रिसर्च असिस्टेंट एक जनरेटिव एआई आधारित सहायक है। यह आयुष रिसर्च पोर्टल का विस्तार करते हुए शोधकर्ताओं को आयुर्वेद और अन्य आयुष विषयों से संबंधित साहित्य को अधिक प्रभावी ढंग से खोजने और समझने में मदद करता है। ई-एलएमएस चैटबॉट आयुर्वेद और अन्य आयुष शिक्षण संस्थानों के लिए एआई आधारित विद्यार्थी जीवन चक्र प्रबंधन की सुविधा देता है। वहीं ई-चरक चैटबॉट औषधीय पौधों के व्यापार में सहायक के रूप में काम करता है और बातचीत आधारित एआई को आयुर्वेदिक औषध विज्ञान से जुड़े तंत्र से जोड़ता है। योग सारथी योग संबंधी सुझाव देने वाला एआई चैटबॉट है, जबकि निवेश सारथी आयुष क्षेत्र में निवेश के लिए एआई सहायक के रूप में काम करता है। ये सभी चैटबॉट आयुष ग्रिड के डिजिटल पोर्टल से आगे बढ़कर संवादात्मक, कुशल और उपयोगकर्ता-केंद्रित एआई सेवाओं के विस्तार को दर्शाते हैं।
इंडियाएआई इम्पैक्ट समिट 2026 में विश्व स्वास्थ्य संगठन के साथ साझेदारी में तैयार स्वास्थ्य पर एआई के प्रभाव का केसबुक में आयुष मंत्रालय का एक विशेष उदाहरण शामिल किया गया। इसका शीर्षक “आयुर्वेद के लिए एआई आधारित निर्णय सहायता : रिट्रीवल ऑगमेंटेड जनरेशन दृष्टिकोण” था। वैश्विक स्वास्थ्य एआई केसबुक में आयुर्वेद से जुड़े इस उदाहरण को शामिल किया जाना जनरेटिव एआई और आरएजी तकनीक के माध्यम से प्रमाण-आधारित आयुर्वेदिक ज्ञान को मजबूत करने और पारंपरिक चिकित्सा के व्यापक डिजिटल परिवर्तन की संभावनाओं को रेखांकित करता है।
