नई दिल्ली स्थित यशोभूमि तीन दिनों तक भारत की बढ़ती सेमीकंडक्टर क्षमताओं के प्रदर्शन का केंद्र रहा। सेमीकॉन इंडिया 2026 ने चिप डिजाइन और उन्नत पैकेजिंग से लेकर सामग्री, उपकरण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटिंग तक सेमीकंडक्टर परितंत्र के विभिन्न हिस्सों को एक छत के नीचे एकत्रित किया।
17 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित सेमीकॉन इंडिया का यह पांचवां संस्करण "सिलिकॉन से सिस्टम तक: परितंत्र का निर्माण" विषय पर आधारित था। इस आयोजन में वैश्विक सेमीकंडक्टर परितंत्र को एक साथ लाया गया, जिसमें उद्योग जगत के दिग्गज, नीति निर्माता, निवेशक, शिक्षाविद और स्टार्टअप शामिल थे। 2026 के इस संस्करण में विभिन्न देशों की 600 से अधिक प्रदर्शक कंपनियों के साथ-साथ एक स्टार्टअप पवेलियन, कार्यबल विकास पवेलियन, देश एवं राज्य पवेलियन और एक हैकाथॉन का आयोजन किया गया था।
इस प्रदर्शनी ने इस बात की झलक पेश की कि भारत की सेमीकंडक्टर यात्रा चिप डिजाइन से आगे बढ़कर विनिर्माण, पैकेजिंग, अनुसंधान, सामग्री, प्रतिभा और सिस्टम-स्तरीय अनुप्रयोगों को शामिल करने वाले एक व्यापक प्रणाली की ओर कैसे विस्तारित हो रही है।
चिप डिजाइन से लेकर उन्नत कंप्यूटिंग तक
इस प्रदर्शनी की प्रमुख विशेषताओं में से एक स्वदेशी सेमीकंडक्टर और कंप्यूटिंग क्षमताओं की विस्तृत श्रृंखला का प्रदर्शन था।
सी-डैक ने उच्च-प्रदर्शन कंप्यूटिंग और एआई के क्षेत्र में अपने कार्यों का प्रदर्शन किया, जिसमें एयूएम एचपीसी-एआई प्रोसेसर और रुद्रा-एयूएम कंप्यूट नोड शामिल हैं। ये प्रयास न केवल चिप स्तर पर बल्कि कंप्यूटिंग प्रणालियों में स्वदेशी क्षमताओं के विकास पर बढ़ते जोर को दर्शाते हैं।
इस प्रदर्शनी में स्वदेशी प्रोसेसर डिजाइन की दिशा में व्यापक बदलाव को भी उजागर किया गया। देश के सेमीकंडक्टर परितंत्र में घरेलू स्टार्टअप और संस्थान तेजी से प्रोसेसर प्रौद्योगिकियों, अनुप्रयोग-विशिष्ट चिप्स और सिस्टम समाधानों का विकास कर रहे हैं, जो दूरसंचार और ऑटोमोटिव अनुप्रयोगों से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और निगरानी तक के क्षेत्रों के लिए उपयोगी हैं।
रोजमर्रा के अनुप्रयोगों के लिए चिप्स
इस प्रदर्शनी ने आगंतुकों को यह भी दिखाया कि कैसे सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकियां प्रयोगशालाओं और डिजाइन केंद्रों से निकलकर रोजमर्रा के उत्पादों में शामिल हो सकती हैं।
भारतीय सेमीकंडक्टर कंपनियों और स्टार्ट-अप्स ने स्मार्ट उपकरणों, कनेक्टिविटी, निगरानी, औद्योगिक प्रणालियों, ऊर्जा प्रबंधन और ऑटोमोटिव प्रौद्योगिकियों जैसे अनुप्रयोगों के लिए समाधान प्रदर्शित किए।
