Monday, 19 October 2026
Latest Updates

प्रधानमंत्री कार्यालय Read in English

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम को संबोधित किया

Key details of this update
DetailInformation
Date17 October 2026 (Saturday)
Time2:12 PM
Topic / Ministryप्रधानमंत्री कार्यालय
Languageहिन्दी · Read in English
Reading time11 min (2,146 words)

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम को संबोधित किया। श्री माइकल ब्लूमबर्ग की पूर्ववर्ती टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने भारत में इस फोरम के पहली बार आयोजित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा और अंतरराष्ट्रीय मामलों सहित वैश्विक महत्व के प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श करने के लिए दुनिया के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को एक मंच पर लाने की फोरम की क्षमता की सराहना की। श्री मोदी ने कहा कि मैं श्री ब्लूमबर्ग और उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूं। आपने सही समय पर सही स्थान का चयन किया है।

प्रधानमंत्री ने उभरती वैश्विक शक्तियों पर शिखर सम्मेलन के मूलभूत फोकस का उल्लेख करते हुए 21वीं सदी के तीसरे दशक में आए व्यापक बदलावों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज प्रौद्योगिकी, डेटा, ज्ञान और नवाचार शक्ति के प्रमुख मानदंड बन गए हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से इस बात पर पुनर्विचार करने की अपील की कि इस शक्ति का मूल उद्देश्य क्या होना चाहिए—क्या इसका लाभ केवल कुछ चुनिंदा लोगों तक सीमित रहना चाहिए या लाखों लोगों के लिए अवसरों का लोकतंत्रीकरण करना चाहिए। उन्होंने नियंत्रण से आगे बढ़कर सक्षम बनाने और प्रतिस्पर्धा से आगे बढ़कर सहयोग करने की आवश्यकता पर बल दिया। श्री मोदी ने कहा कि मैं आज जिस विजन के साथ यहां आया हूं, वह है स्वयं सफल होने की शक्ति से आगे बढ़कर दूसरों को सफल बनाने की शक्ति— सशक्त बनाने की शक्ति।

प्रधानमंत्री ने इस दर्शन को प्राचीन सांस्कृतिक ज्ञान से जोड़ते हुए पारंपरिक संस्कृत ग्रंथों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ज्ञान, धन और शक्ति का वास्तविक मूल्य इस बात से निर्धारित होता है कि उनका उपयोग कितनी नैतिकता के साथ किया जाता है। उन्होंने बल देकर कहा कि आज की जटिल वैश्विक परिस्थितियों से निपटने के लिए शक्ति के इस गहन उद्देश्य को समझना अत्यंत आवश्यक है। श्री मोदी ने कहा कि इसका अर्थ यह है कि शक्ति का वास्तविक मूल्य उसके उद्देश्य में निहित है।

प्रधानमंत्री ने इस प्राचीन विचारधारा को आधुनिक प्रशासन से जोड़ते हुए कहा कि ‘सशक्त बनाने की शक्ति’ की अवधारणा केवल वैश्विक मंच से दिया जाने वाला उपदेश नहीं है, बल्कि यह भारत की संस्कृति में गहराई से समाहित परंपरा है, जिसे देश के शासन और कार्यसंस्कृति में सक्रिय रूप से अपनाया गया है। उन्होंने कहा कि वह देश की प्रगति के ठोस उदाहरणों के माध्यम से इस परिवर्तनकारी विचार को स्पष्ट करेंगे। श्री मोदी ने कहा, “इसलिए मैं भारत के ही उदाहरणों के माध्यम से अपनी बात आगे बढ़ाऊंगा।”

प्रधानमंत्री ने लोकतंत्र की जननी भारत की जीवंतता और विविधता का उल्लेख करते हुए देश की विशाल भाषाई विविधता, 80,000 प्रकाशनों और एक हजार से अधिक टेलीविजन चैनलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सोशल मीडिया के दौर में देश के 50 करोड़ यूट्यूब और इंस्टाग्राम यूजर व्यापक और खुले विमर्श में भाग लेते हैं। यह दर्शाता है कि डिजिटल शक्ति लोकतांत्रिक संवाद को सक्रिय रूप से बढ़ावा दे रही है। श्री मोदी ने कहा कि वर्तमान समय में इसमें डिजिटल शक्ति की प्रमुख भूमिका रही है।

प्रधानमंत्री ने डिजिटल बहिष्‍करण के विरुद्ध किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक दशक से कुछ अधिक समय पहले तक मोबाइल फोन और इंटरनेट तक पहुंच को केवल संपन्न वर्ग का विशेषाधिकार माना जाता था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 के बाद सरकार ने जानबूझकर डेटा की कीमतों में भारी कमी की, ताकि छोटे शहरों के विद्यार्थियों से लेकर गांवों के दुकानदारों तक सभी को ज्ञान और बाजारों तक तत्काल पहुंच मिल सके। श्री मोदी ने कहा कि भारत में कनेक्टिविटी ने केवल लोगों को ही नहीं, बल्कि अवसरों को भी आपस में जोड़ा है।

वित्तीय समावेशन के असाधारण विस्तार का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय अतिथियों को भारत की निर्बाध डिजिटल भुगतान व्यवस्था को देखने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था में एक साधारण रेहड़ी-पटरी विक्रेता और एक बड़े कार शोरूम द्वारा एक ही प्रौद्योगिकीय प्‍लेटफॉर्म का उपयोग किया जाता है। उन्होंने वित्तीय सेवाओं तक पहुंच के इस व्यापक विस्तार को समावेशी प्रौद्योगिकी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। श्री मोदी ने कहा कि यह समावेशी प्रौद्योगिकी की शक्ति है।

प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि देश की डिजिटल क्षमताओं को विकासशील देशों (ग्‍लोबल साउथ) और अन्य साझेदार देशों के साथ लगातार साझा किया जा रहा है, ताकि वे अपना डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना तंत्र विकसित कर सकें। उन्होंने महामारी के दौरान उपयोग किए गए ओपन-सोर्स कोविन प्लेटफॉर्म का उल्लेख करते हुए इसे घरेलू नवाचार द्वारा वैश्विक संभावनाओं के द्वार खोलने का प्रमुख उदाहरण बताया। श्री मोदी ने कहा इसका अर्थ है कि हमारी क्षमता मानवता को सशक्त बनाने वाली होनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने नवाचार के व्यापक लोकतंत्रीकरण का उल्लेख करते हुए भारत में स्टार्टअप क्षेत्र की तीव्र वृद्धि की सराहना की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में कुछ सौ स्टार्टअप से बढ़कर आज इनकी संख्या 2.5 लाख से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि इनमें से लगभग आधे स्टार्टअप छोटे शहरों से आते हैं और 45 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप में महिलाएं नेतृत्वकारी भूमिका निभा रही हैं। यह दर्शाता है कि समस्याओं का समाधान करने की क्षमता समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रही है। श्री मोदी ने कहा कि इसका अर्थ यह है कि नवाचार के अवसर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच रहे हैं।

लोक प्रशासन के मूल दर्शन पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की शक्ति का उद्देश्य व्यवस्था में लोगों को निर्भर बनाना नहीं, बल्कि उन्हें पूरी तरह सक्षम और सशक्त बनाना होना चाहिए। उन्होंने पिछले दशक में 25 करोड़ लोगों को निर्धनता से बाहर निकालने का श्रेय इसी सशक्तिकरण-आधारित शासन मॉडल को दिया। श्री मोदी ने कहा कि भारत इसी मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार को व्यवस्थित रूप से समाप्त करने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए सरकारी सहायता सीधे नागरिकों के बैंक खातों में पहुंचाने के लिए जन धन-आधार-मोबाइल त्रिमूर्ति और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली के उपयोग को रेखांकित किया। श्री मोदी ने कहा, “इससे भ्रष्टाचार कम हुआ है, देश के नागरिकों की सुविधा बढ़ी है और सरकार तथा नागरिक के बीच सीधा संबंध स्थापित हुआ है।

प्रधानमंत्री ने वैश्विक मंच पर सशक्तिकरण के इस दृष्टिकोण का उदाहरण देते हुए कोविड-19 महामारी के दौरान टीकों की भारी कमी को याद किया। उन्होंने प्रश्‍न किया कि क्या जीवनरक्षक टीकों के निर्माण की क्षमता को कुछ देशों तक ही सीमित रखा जाना चाहिए था। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि भारत ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए 100 से अधिक देशों को टीकों की आपूर्ति की। श्री मोदी ने कहा कि हमारी विनिर्माण क्षमता अन्य देशों की सहायता का माध्यम भी बनी।

प्रधानमंत्री ने समावेशी दूरदृष्टि का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए हाल ही में आयोजित भारत के एआई इम्पैक्ट समिट का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर चर्चा को केवल मानवीय आवश्‍यकताओं तक सीमित न रखकर पशु कल्याण के लिए एआई के संभावित लाभों पर भी विचार किया गया। उन्होंने इस उदाहरण के माध्यम से कहा कि भारत की क्षमताएं जितनी बढ़ेंगी, उससे पूरी दुनिया को उतना ही अधिक लाभ होगा। श्री मोदी ने कहा कि भारत जितना अधिक सक्षम होगा, वह मानवता और दुनिया के लिए उतना ही अधिक लाभकारी होगा।

संतुलित वैश्विक व्यवस्था का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रतिस्पर्धा, नवाचार और राष्ट्रीय शक्ति महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इनके साथ करुणा और जलवायु परिवर्तन, जल प्रबंधन तथा उभरती प्रौद्योगिकियों के उत्‍तरदायी उपयोग जैसी वैश्विक चुनौतियों के समाधान के प्रति प्रतिबद्धता भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्‍व को ऐसी शक्तियों की आवश्यकता है, जो साझा अवसरों का सृजन करें। श्री मोदी ने कहा, “शक्ति केवल आगे बढ़ने की क्षमता नहीं है, बल्कि दूसरों को आगे बढ़ने में सक्षम बनाने की क्षमता भी है।”

प्रधानमंत्री ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए वर्ष 2015 में पेरिस समझौते के तहत वर्ष 2030 तक गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से 40 प्रतिशत स्थापित विद्युत क्षमता प्राप्त करने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य का उल्लेख किया। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि भारत ने नवंबर 2021 में, निर्धारित समय से नौ वर्ष पहले ही, यह लक्ष्य हासिल कर लिया और ऐसा करने वाला पहला जी20 देश बना। श्री मोदी ने कहा कि यह केवल एक प्रतिबद्धता पूरी करने का मामला नहीं था, बल्कि यह भारत की बदलती ऊर्जा यात्रा का भी संकेत था।

हरित ऊर्जा की दिशा में भारत की प्रगति के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता वर्ष 2014 में मात्र 75 गीगावाट थी, जो आज बढ़कर लगभग 300 गीगावाट हो गई है। उन्होंने इस चार गुना विस्तार को देश के सतत विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया।

प्रधानमंत्री ने ऊर्जा परिवर्तन से जमीनी स्तर पर होने वाले आर्थिक लाभों की चर्चा करते हुए कहा कि पीएम सूर्य घर और पीएम-कुसुम योजनाएं परिवारों तथा किसानों को अपनी सौर ऊर्जा उत्पन्न करने और लागत कम करने में सक्षम बना रही हैं। उन्होंने कहा कि इन पहलों से 30 गीगावाट से अधिक क्षमता जुड़ी है। इसके परिणामस्वरूप हर वर्ष 3 करोड़ टन से अधिक कार्बन उत्सर्जन में कमी आ रही है। साथ ही, ये योजनाएं प्रकृति के संरक्षण और नागरिकों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में भी योगदान दे रही हैं। श्री मोदी ने कहा कि इससे लोगों का सशक्तिकरण भी हो रहा है।

वैश्विक शक्ति संघर्षों के बीच भारत के सहयोगात्मक दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में प्रभुत्व स्थापित करने की होड़ के बीच भारत जानबूझकर एक अलग और स्थिरता प्रदान करने वाला मार्ग अपना रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दशक भारत के इस विशिष्ट राष्ट्रीय दृष्टिकोण का स्पष्ट प्रमाण है। श्री मोदी ने कहा किदुनिया में शक्ति की इस दौड़ के बीच भारत एक अलग दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक में सामने आए लगातार वैश्विक संकटों का उल्लेख करते हुए कहा कि तेजी से फैली वैश्विक महामारियों, क्षेत्रीय युद्धों और महत्वपूर्ण खनिजों, ऊर्जा तथा व्यापार से जुड़ी आपूर्ति श्रृंखलाओं में गंभीर व्यवधानों का उल्‍लेख किया। उन्होंने ऐसी दुनिया का चित्र प्रस्तुत किया, जहां एक संकट समाप्त होने से पहले ही दूसरा संकट सामने आ जाता है। श्री मोदी ने कहा कि दुनिया एक संकट से निकलने का रास्ता तलाशती है, तब तक एक नया संकट सामने आ जाता है।

प्रधानमंत्री ने वैश्विक परस्पर निर्भरता को दबाव बनाने के साधन के रूप में इस्तेमाल किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आपूर्ति श्रृंखलाओं, ऊर्जा, खनिजों, प्रौद्योगिकी और भुगतान प्रणालियों जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं का उपयोग दबाव बनाने और प्रभुत्व स्थापित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि दशकों के वैश्वीकरण से विकसित हुई परस्पर संबद्धता अब तेजी से ऐसे महत्वपूर्ण अवरोध बिंदुओं में बदल रही है, जिनका इस्तेमाल भू-राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा सकता है। श्री मोदी ने कहा कि पिछले दशकों में वैश्वीकरण ने जो आधार तैयार किया था, वह कब और कहां अवरोध बिंदुओं में बदल गया, यह हम सभी देख रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने तेजी से हो रहे प्रौद्योगिकीय बदलावों और जनसांख्यिकीय चुनौतियों के बीच वैश्विक विश्वास के संकट का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया ऐसे विश्वसनीय साझेदारों की तलाश कर रही है, जो संकट के समय आपूर्ति श्रृंखलाओं को बनाए रखें और अपनी प्रतिबद्धताओं का सम्मान करें। उन्होंने वैश्विक संबंधों के प्रति भारत के अलग और सहयोगात्मक दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि यहीं भारत एक अलग दृष्टिकोण तथा अलग विचार के साथ आपके सामने खड़ा है।

प्रधानमंत्री ने वैश्विक स्तर पर भारत की कार्यशैली को स्पष्ट करते हुए कहा कि 21वीं सदी में देश की प्रगति सहयोगात्मक और समावेशी विकास पर आधारित है। उन्होंने बताया कि जेनेरिक दवाओं की वैश्विक आपूर्ति में भारत दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा हिस्सेदार है। डिजिटल पहचान के मॉडल विकसित करने में अग्रणी रहा है और दुनिया भर की सेवाओं के लिए 2,000 से अधिक वैश्विक क्षमता केंद्रों का एक विश्वसनीय केंद्र है। श्री मोदी ने कहा कि भारत की प्रगति की कहानी सभी के साथ सहयोग करते हुए और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ने की कहानी है।

प्रधानमंत्री ने वैश्विक स्थिरता में भारत की भूमिका दोहराते हुए कहा कि जब भी दुनिया को किसी मजबूत और भरोसेमंद सहारे की आवश्यकता होती है, भारत अंतरराष्ट्रीय समुदाय की सहायता के लिए जिम्मेदारी के साथ आगे आता है। उन्होंने वैश्विक मंच पर समानता के आधार पर विकास करने के भारत के मूल दृष्टिकोण को स्पष्ट किया। श्री मोदी ने कहा कि हम किसी की कीमत पर विकास नहीं करते। हम दुनिया के साथ और विश्‍व के लिए विकास करते हैं।

प्रधानमंत्री ने भारत की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने मानवता को ‘शून्य’ की अवधारणा दी, लेकिन इसके लिए कभी रॉयल्टी की मांग नहीं की। उन्होंने कहा कि आज भी भारत उसी निःस्वार्थ भावना के साथ काम कर रहा है। उन्होंने इसकी तुलना उन ऐतिहासिक वैश्विक संगठनों से की, जो केवल अपने हितों को ध्यान में रखकर काम करते थे। श्री मोदी ने कहा कि आज भी भारत इसी भावना के साथ काम कर रहा है।

इसी विषय से और: प्रधानमंत्री कार्यालय

View all इसी विषय से और: प्रधानमंत्री कार्यालय
  1. प्रधानमंत्री कार्यालय

    प्रधानमंत्री ने एशियाई पैरा खेल 2026 के लिए भारतीय दल को शुभकामनाएँ दीं

    आइची-नागोया में एशियाई पैरा खेल 2026 की शुरुआत के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएँ दी हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को अपने पैरा-एथलीटों पर…

    पूरा पढ़ें →
  2. प्रधानमंत्री कार्यालय

    प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया

    मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने दिवंगतों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएँ प्रकट कीं…

    पूरा पढ़ें →
  3. प्रधानमंत्री कार्यालय

    प्रधानमंत्री ने कोलकाता में घटी भगदड़ की घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त किया

    कोलकाता में हुई भगदड़ में लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने गहरा शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने इस हादसे को दुखद बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना…

    पूरा पढ़ें →
  4. प्रधानमंत्री कार्यालय

    प्रधानमंत्री ने मोरबी की राजमाता विजयकुंवरबा के निधन पर दुख व्यक्त किया

    मोरबी की राजमाता विजयकुंवरबा के निधन पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक प्रकट किया है। प्रधानमंत्री के अनुसार, उनका व्यक्तित्व, सेवा के प्रति समर्पण और मोरबी के लोगों से उनका…

    पूरा पढ़ें →
  5. प्रधानमंत्री कार्यालय

    प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के स्थापना दिवस पर कर्मियों को बधाई दी

    राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इसके सभी कर्मियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री के अनुसार, एनएसजी के कर्मी साहस, सटीकता और कर्तव्य के प्रति अटूट…

    पूरा पढ़ें →
  6. प्रधानमंत्री कार्यालय

    प्रधानमंत्री ने नवरात्रि के दौरान मां कालरात्रि की प्रार्थना की

    प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नवरात्रि के दौरान मां कालरात्रि की स्तुति की। प्रधानमंत्री ने प्रार्थना की कि देवी के आशीर्वाद से सभी का जीवन नई ऊर्जा और नए आत्मविश्वास का संचार…

    पूरा पढ़ें →

और करेंट अफेयर्स

View all और करेंट अफेयर्स
  1. राष्ट्रपति सचिवालय

    भारत की राष्ट्रपति की दुर्गा पूजा पर शुभकामनाएं

    दुर्गा पूजा के अवसर पर भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा है, “दुर्गा पूजा के अत्यंत पावन अवसर पर…

    पूरा पढ़ें →
  2. गृह मंत्रालय

    केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, मंगलवार (20 अक्टूबर, 2026) को पंजाब में चिट्टा कारोबारियों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण अपनी जान खोने वाले लोगों के परिवारों से मानसा, संगरूर व गुरदासपुर में मिलेंगे

    केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह, मंगलवार (20 अक्टूबर) को पंजाब में चिट्टा कारोबारियों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण अपनी जान खोने वाले लोगों के परिवारों से मानसा, संगरूर…

    पूरा पढ़ें →
  3. संचार मंत्रालय

    विशेष अभियान 6.0: डाक विभाग ने शिकायत निवारण, स्वच्छता, ई-अपशिष्ट निपटान और अंतरिक्ष प्रबंधन में महत्वपूर्ण प्रगति हासिल की

    संचार मंत्रालय के डाक विभाग ने देशभर के डाक प्रतिष्ठानों में 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चल रहे 'विशेष अभियान 6' (स्पेशल अभियान 6) के क्रियान्वयन चरण में उल्लेखनीय प्रगति…

    पूरा पढ़ें →
  4. रक्षा मंत्रालय

    लोकायन 2026 – भारतीय नौसेना का जहाज सुदर्शिनी ओमान के सलालाह से रवाना हुआ

    भारतीय नौसेना का तीन मस्तूलों वाला पाल प्रशिक्षण जहाज़ आईएनएस सुदर्शिनी 14-17 अक्टूबर 2026 के दौरान ओमान के सलालाह में अपना पड़ाव पूरा करने के बाद वहाँ से आगे के लिए रवाना…

    पूरा पढ़ें →
  5. आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय

    एनसीआरटीसी ने नमो भारत परिचालन के तीन सफल वर्षों का जश्न

    नमो भारत के सफल संचालन के तीन वर्ष पूरे होने और क्षेत्रीय आवागमन में आए बड़े बदलाव की इस यात्रा के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने 17 अक्टूबर…

    पूरा पढ़ें →
  6. वित्‍त मंत्रालय

    डीआरआई ने 137 किलो क्रिस्टल मेथ की बड़ी खेप जब्त की; तटीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, तमिलनाडु में 4 गिरफ्तार

    राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने संगठित मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, हाल के वर्षों में तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र में मादक पदार्थों की सबसे बड़ी जब्तियों…

    पूरा पढ़ें →
  7. पशुपालन और डेयरी मंत्रालय

    मत्स्यपालन विभाग के केन्द्रीय सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी ने मुनस्यारी शीतजल मत्स्यपालन क्लस्टर का दौरा किया; उन्होंने ट्राउट मछली पालने वाले किसानों से बातचीत की और क्लस्टर के विकास कार्यों की समीक्षा की

    भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत मत्स्यपालन विभाग के सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी 18 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी के आधिकारिक दौरे पर पहुंचे।…

    पूरा पढ़ें →
  8. PIB Backgrounder

    भारत का पोषक तत्वों से भरपूर बैंगनी आलू

    कई आबादियों में पर्याप्त कैलोरी सेवन के बावजूद छिपी भूख (हिडन हंगर) पोषण से जुड़ी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। दैनिक भोजन के माध्यम से आवश्यक विटामिन और खनिजों की खपत…

    पूरा पढ़ें →
  9. इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय

    एसटीपीआई टेक कॉन्क्लेव में स्वास्थ्य सेवा और सहायक प्रौद्योगिकियों में एआई की क्षमता को रेखांकित किया गया

    इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अंतर्गत एक प्रमुख विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संगठन, सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) और आईआईटी बीएचयू के नवाचार, इनक्यूबेशन एवं उद्यमिता केंद्र (सीआईआईई) ने वाराणसी…

    पूरा पढ़ें →
  10. रक्षा मंत्रालय

    रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ताजिकिस्तान में आयोजित होने वाली शंघाई सहयोग संगठन के शासनाध्यक्ष परिषद की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे

    रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह 19 और 20 अक्टूबर, 2026 को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे की यात्रा पर रहेंगे। अपनी इस यात्रा में वे शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की शासनाध्यक्ष परिषद (सीएचजी)…

    पूरा पढ़ें →

इस करंट अफेयर्स अपडेट को कैसे पढ़ें

यह पेज “प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम को संबोधित किया” विषय पर जानकारी देता है। विषय समझने के लिए पूरा लेख पढ़ें और किसी भी तारीख, आंकड़े या आधिकारिक घोषणा के लिए संबंधित मूल दस्तावेज़ से पुष्टि करें।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

इस अपडेट का मुख्य विषय क्या है?

इस पेज का विषय है: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम को संबोधित किया। विषय की पूरी जानकारी ऊपर दिए गए लेख में पढ़ें।

यह पेज कब प्रकाशित हुआ था?

यह पेज 17 October 2026 को प्रकाशित हुआ था। यह पेज की प्रकाशन तारीख है; लेख में बताई गई घटना की तारीख अलग हो सकती है।

इस विषय की जानकारी का उपयोग कैसे करें?

पूरे लेख का संदर्भ पढ़ें, जरूरी तथ्यों की आधिकारिक दस्तावेज़ों से पुष्टि करें और संबंधित अपडेट के लिए करंट अफेयर्स अनुभाग देखें।

↑